मुंबई. अब मंगलवार 26 अक्टूबर को शाहरुख खान के बेटे आर्यन की जमानत पर सुनवाई बॉम्बे हाई कोर्ट में होगी। 20 अक्टूबर को NDPS कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दी गई थी। इसके बाद उनके वकील सतीश मानशिंदे और अमित देसाई बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचे थे। मंगलवार की तारीख कोर्ट ने सुनवाई के लिए दी है। आर्यन अभी आर्थर रोड जेल में हैं। आज सुबह उनके पिता शाहरुख खान उनसे मिलने जेल पहुचे थे। गिरफ्तारी के बाद आर्यन की शाहरुख से पहली मुलाकात थी। आर्यन के वकील उन्हें जेल से बाहर लाने की जी-जान से मेहनत कर रहे हैं वहीं अब सुनवाई की तारीख फिर से बढ़ गई। नवंबर के पहले सप्ताह में दिवाली की छुट्टियां आरंभ हो जाएंगी। अगर बेल और टली तो आर्यन को दिवाली जेल में बितानी पड़ सकती है। पहले ही उनका दशहरा जेल में बीता है।