पुंछ – जम्मू के सीमावर्ती जिले पुंछ के मेंढर क्षेत्र में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक जूनियर कमिशन्ड अफ़सर और एक जवान शहीद हो गए हैं। आतंकियों और सेना के जवानों के मध्य मुठभेड़ गुरुवार रात तक चलती रही। फिलहाल, अभी दोनों तरफ से गोलीबारी बन्द है, और जम्मू-पुंछ हाइवे पर आवाजाही को बंद कर रखा है। अब तक एनकाउंटर में 2 जवान शहीद हो चुके हैं। जबकि एक घायल भी है। पुंछ में 5 दिन से हो रही मुठभेड़ में 7 जवान शहीद हो चुके हैं जिसमें 2 JCO शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को 1 जवान शहीद हुआ था, और 2 जवान घायल हुए थे। घायलों में से एक और जवान ने दम तोड़ दिया है। इस तरह कुल 2 जवान शहीद हुए हैं। एक जवान घायल है।
आशंका जताई जा रही है, कि आतंकी उसी गुट से हो सकते हैं, जिनके साथ सोमवार को हुई मुठभेड़ में सेना के पांच जवान शहीद हुए थे। गुरुवार को शहीद हुए, जवानों की शिनाख्त की जानी अभी बची हुई है। वहीं सोमवार को हुए एनकाउंटर को 17 वर्ष का सबसे दिलदहला देने वाला आमना-सामना कहा जा रहा है।
मुठभेड़ के मद्देनजर भीमबर गली और सूरनकोटे के साथ राजौरी-पुंछ नेशनल राजमार्ग पर वाहनों का आना जाना रोक दिया गया है। मौके पर और भी अधिक सुरक्षा बल भेजे गए हैं। अधिकारियों ने सूचना दी थी कि आतंकियों की संख्या चार-पांच हो सकती है। यह उसी गुट का भाग हो सकते हैं- जिसने अगस्त में केंद्र शासित प्रदेश में घुसपैठ की थी।