मेरठ । गुजरात, हिमाचल और उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव को लेकर विपक्षी दलों पर हमलावर हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि सभी विपक्षी दल दिन में ही स्वप्न देख रहे हैं। गौर से देखा जाए तो वह अपने अस्तित्व के लिए संघर्षरत है, जबकि पूरे भारतवर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। पहले कांवड़ यात्रा पर पत्थर बरसते थे, अब बरसते हैं फूल।
प्रदेश सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा शनिवार की सुबह 11:00 बजे उत्तर प्रदेश श्रम कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष पं. सुनील भराला के आवास पर पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पहले पहले सांप्रदायिक दंगे होते थे और कांवड़ यात्रा पर पत्थर बरसते थे। अब फूल बरसते हैं। प्रदेश सरकार में माफिया राज खत्म हुआ है और विकास को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि नोएडा में सबसे बड़ा डाटा सेंटर बन रहा है। आगामी निकाय चुनाव को लेकर कहा कि कार्यकर्ता एकजुट हो जाए और तैयारी में लग जाए। इस बार मेरठ की सीट भी भाजपा के खाते में आएगी और प्रदेश में सपा, बसपा और कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी में कार्यकर्ता बड़ा होता है, पद बड़ा नहीं होता है। इस दौरान पंडित अजय भारद्वाज भराला, अंकुर मुखिया, मनिंदर पाल सिंह, जिला अध्यक्ष विमल शर्मा, डॉ राजीव भराला,पूर्व विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल, विजेंद्र अग्रवाल, राजकुमार कौशिक, अरुण वशिष्ठ, डीडी शर्मा आदि मौजूद रहे।