मेरठ । सिविल लाइन थाने के मोहनपुरी में युवक ने अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। सोमवार सुबह लगभग 8 से 9 के बीच वारदात अंजाम दिया गया। हत्या के बाद आरोपी पति खुद ही सिविल लाइन थाने पहुंचा और कत्ल की जानकारी दी। आरोपी को फिलहाल गिरफ्तार कर लिया।
मोहनपुरी कॉलोनी बुध विहार गली में अजीत कुमार परिवार के साथ रहते है। अजीत का पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी राजबाला से विवाद चल रहा है। इसी विवाद में सोमवार सुबह अजीत ने पत्नी की गला दबाकर घर के अंदर ही हत्या कर दी। घटना के समय अजीत के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। कत्ल करने के बाद आरोपी अजीत सिविल लाइन थाने पहुंचा और वहां जाकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने अजीत को गिरफ्तार कर लिया और इसके बाद पुलिस टीम मौके पर दौड़ी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मृतका के परिजनों को भी सूचना दी गई है। मृतका के परिवार वालों का आरोप है कि अजीत के अवैध संबंध किसी महिला से थे, जिसका राजबाला विरोध कर रही थी। इसी को लेकर हत्या की गई।