मेरठ । सरधना में मोहल्ला ऊंचापुर में एक वृद्ध की पुताई करते वक्त छत से गिरकर मौत हो गई। इससे घर में मातम का माहौल छा गया। पुत्री की शादी की खुशियां कुछ ही समय में मातम में बदल गईं। देर रात शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
इश्तियाक पुत्र शफी के यहां आने वाली 29 नवंबर को पुत्री सायबा की शादी है। मेरठ से बारात आनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। इश्तियाक ने सोमवार को अपने मकान की पुताई का काम आरंभ किया। शाम में वह मकान की छत पर चढ़कर पुताई कर रहा था। इसी बीच अचानक उसका बैलेंस बिगड़ा और वह छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले उसे हॉस्पिटल भी लेकर दौड़े, जहां डाक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की सूचना से परिवार वालों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। इसके अलावा मोहल्ले के लोगों में भी शोक का माहौल था।