नई दिल्ली : अब केंद्र सरकार और एक साल से भी अधिक समय से आंदोलन कर रहे किसानों के बीच प्रदर्शन खत्म करने को लेकर सहमति बनती दिख रही है। कृषि कानून की वापसी के बाद किसान अपनी अन्य मांगों को लेकर भी धरना स्थल पर डटे हुए हैं। केंद्र ने किसानों की मांग को मान लिया है और एक नया प्रस्ताव संगठनों को भेजा गया है। माना जा रहा है कि गुरुवार को किसान संगठन आंदोलन खत्म करने को लेकर औपचारिक ऐलान कर सकते हैं।
केंद्र की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को किसानों ने स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) आज दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे आंदोलन को खत्म करने की घोषणा कर सकता है। दरअसल, सरकार से किसानों की मांग थी कि प्रदर्शन के दौरान दर्ज हुए मामले रद्द किए जाएं, जिस पर केंद्र राजी हो गया है।