मेरठ में गर्मी चरम पर है। घर से बाहर निकलते ही तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि लू से राहत है मगर धूप और उमस की वजह से लोगों का हाल बेहाल है। पसीना और तेज धूप की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना और काम करना मुश्किल हो गया है। मंगलवार को शहर में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया जबकि आज बुधवार को सुबह से 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया है।
मेरठ में पिछले कई दिनों से लू तो नहीं चल रही, लेकिन तापमान ज्यादा होने की वजह से लोग गर्मी से परेशान हैं। आलम यह है कि उमस के चलते जल्दी पसीना आ रहा है। आने वाले दिनों में तापमान के साथ उमस में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक एन सुभाष के मुताबिक आने वाले दिनों गर्म हवाएं चलेंगी। इसके कारण लोगों को थोड़ी परेशानी होगी। फसलों को गर्मी से बचाने के लिए उसके ऊपर ग्रीन हाउस तैयार कर सकते हैं। सब्जियों के लिए इतनी तेज धूप नुकसानदायक हो सकती है।
वहीं बच्चों, पशुओं और पेट्स को भी इस धूप गर्मी से बचाने की जरूरत है। धूप के कारण पसीना अधिक निकल रहा है इसलिए पानी की कमी शरीर में न होने दें।
इसके अलावा गर्म हवा न चलने के कारण धूप में निकलने में भी परेशानी नहीं हुई। बुधवार सुबह से धूप निकली है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन का तापमान 45डिग्री तक पहुंच सकता है। आने वाले दिनों की बात करें तो तापमान एक बार फिर बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। उमस और बढे़गी। आने वाले दिनों में उमस भरी गर्मी से परेशानी बढे़गी।