जौनपुर- UP के जौनपुर जिले में बड़ा हादसा हुआ है। आधी रात को 2 मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से 5 लोगों की मौत हो गई है, और हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। मृतकों में महिला और उसके 3 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा पड़ोसी की भी मलबे में दबकर मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, ये हादसा बड़ी मस्जिद क्षेत्र के निकट मोहल्ला रोजा अर्जन में देर रात हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस समय मकान गिरा उस समय सभी लोग सो रहे थे। मकान गिरने के पश्चात वहां चीखें मचनी शुरू हो गई। जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहायता की। सभी घायलों को जिला हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
मृतकों में अजीमुल्ला, संजीदा, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद सैफ और मिस्वा शामिल हैं। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मकान बहुत पुराना था और खराब हालत में था। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है।