लखनऊ. UP में कई वर्षों से सत्ता से दूर कांग्रेस पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले पूरी तरह से एक्शन में आ गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा निरंतर जनाधार बढ़ाने के प्रयास में लगी हैं। इसी सिलसिले में UP चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति बताने के लिए उन्होंने लखनऊ में पत्रकार सम्मेलन किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आगामी UP के चुनावों में हम 40% टिकट (उम्मीदवार) हम महिलाओं को देंगें। यह फैसला उन सब महिलाओं के लिए है जो चाहती हैं कि UP में परिवर्तन आए, प्रदेश आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि महिलाएं राजनीति में पूरी हिस्सेदार होंगी। 2019 के चुनाव में जब आयी थी तो इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की कुछ लड़कियां मिली थी, उन्होंने बताया था कि होस्टल में लड़के लड़कियों के लिए कानून भिन्न थे। ये फैसला उसके लिए जिसने गंगा यात्रा के दौरान मुझसे कहा था कि मेरे गांव में पाठशाला नहीं है। प्रयागराज की पारो के लिए जिसने हाथ पकड़कर कहा कि मैं नेता बनना चाहती हूं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि “महिला को टिकट जाति के नहीं, सक्षमता के बेस पर दिया जाएगा। उसके क्षेत्र में लोग कितना पसंद करते हैं यह आधार होगा। हमें उम्मीदवार मिलेंगे भी, लड़ेंगी भी। इस बार मजबूत नहीं होंगी तो अगली बार होंगी.”